पुखरायां। भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के छतेनी गांव के पास कानपुर झांसी हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से टेंपो पलट गया। वाहन के नीचे दबकर चालक की मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुखरायां अहरौली शेख के फकीराबाद निवासी मुस्तकीम ने बताया कि उसका चचेरे भाई वसीम (20) टेंपो चलाता था। शुक्रवार की सुबह वह अमरौधा निवासी शाहबुद्दीन का टेंपो लेकर अकबरपुर गया था।
लौटते समय कानपुर झांसी हाईवे पर छतेनी गांव के पास अज्ञात वाहन टेंपो में टक्कर मारता हुआ निकल गया। इससे टेंपो खड्ड में पलट जाने से वसीम उसके नीचे दब गया। स्थानीय लोगों ने टेंपो सीधा कर वसीम को बाहर निकाला।
वहीं, देवीपुर चौकी इंचार्ज केपी सिंह ने उसे सीएचसी भेजा। जहां डॉ. प्रीती ने मृत घोषित कर दिया। चौकी इंचार्ज केपी सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।