सिकंदरा। मदरसा निजामिया पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को ब्लैक बोर्ड पर गणित का सवाल हल न कर पाने पर शिक्षक ने कक्षा तीन के छात्र को पीट दिया। वहीं, घर पर शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर स्कूल से भगा दिया। मामले में पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शिक्षक की तलाश शुरू कर दी है।
अशोक नगर निवासी महफूज अली ने बताया कि उसका बेटा अरशद अली (11) सिकंदरा के ही गांधी नगर स्थित मदरसा निजामिया पब्लिक स्कूल में पढ़ता है। शुक्रवार की दोपहर में स्कूल में शिक्षक पंकज कटियार ने अरशद को ब्लैक बोर्ड पर गणित का एक सवाल हल करने को दिया।
सवाल हल न कर पाने पर गुस्साए शिक्षक ने अरशद को डंडे से पीटा। इससे उसे चोटें आई हैं। शिक्षक ने घर में शिकायत करने पर अरशद को जान से मारने की धमकी देते हुए स्कूल से भगा दिया। अरशद ने घर लौटकर परिजनों को इसकी जानकारी दी तो सभी थाने पहुंचे।
थाना प्रभारी समर बहादुर यादव ने बताया स्कूल के शिक्षक ने बच्चे के साथ मारपीट की है। पिता की तहरीर पर मारपीट, धमकी व गाली-गलौज की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी शिक्षक की तलाश की जा रही है।