सिकंदरा सीएचसी परिसर में मरीज को हाथों पर उठाकर ले जाते परिजन
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात में ट्रैक्टर से बचने के प्रयास में एक बाइक सवार युवक सिकंदरा से बैजामऊ मार्ग के किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गया। इस पर लोगों ने उसे सिकंदरा सीएचसी पहुंचाया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस दौरान सीएचसी में स्ट्रेचर नहीं मिलने से तीमारदार युवक को हाथों से उठाकर एंबुलेंस तक ले गए।
इसका वीडियो तेजी से सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। सिकंदरा क्षेत्र के रानीपुर हरिहरपुर गांव निवासी विवेक कुमार (28) रविवार को बाइक से कस्बे में आया था। यहां से घर लौटते समय सिकंदरा से बैजामऊ मार्ग पर गोपालपुर गांव के पास ट्रैक्टर से बचने के दौरान वह सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गया।
गंभीर रूप से घायल होने के चलते ग्रामीणों ने उसे सीएचसी सिकंदरा पहुंचाया। वहां से उसे संयुक्त जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस दौरान सीएचसी पहुंचे परिजनों को घायल युवक को ले जाने के लिए स्ट्रेचर नहीं मिला।
इस पर परिवार के लोग उसे हाथों से उठाकर एंबुलेंस तक ले गए। इस दौरान घायल को चढ़ रही दवा की बोतल एक व्यक्ति ने हाथ में पकड़ी थी।
इसका वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। हालांकि अमर उजाला इसकी पुष्टि नहीं करता। सीएचसी के चिकित्साधिकारी डॉ. पवन कुमार ने बताया कि घायल युवक का अस्पताल में स्ट्रेचर पर प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया था।
वहीं, अस्पताल पहुंचे परिवार के लोग रेफर पर्चे पर उसे निजी अस्पताल ले जाने की बात लिखवाकर ले गए थे। परिजन ही युवक को स्ट्रेचर से उठाकर प्राइवेट एंबुलेंस से ले गए थे। उस दौरान किसी ने वीडियो बना लिया। मरीज के घरवालों से वार्ता हुई है। उन्होंने व्यवस्था को लेकर कोई आपत्ति नहीं जताई है।