रूरा। साहब, मेरी पत्नी को ससुराल वालों ने बंधक बना लिया है। पत्नी को उसके साथ भेजने से इन्कार कर रहे हैं। मुझे जान से मारने की धमकी देते हैं। साहब, मुझे मेरी पत्नी वापस दिला दो। यह बातें शनिवार को रूरा थाने पहुंचे एक युवक ने पुलिस से कहते हुए तहरीर दी।
नाला प्रतापपुर गांव निवासी एक युवक शनिवार की सुबह थाने पहुंचा। उसने थाना प्रभारी को बताया कि उसकी शादी 11 मार्च 2022 को रूरा के कपूरपुर गांव की एक युवती के साथ आर्य समाज से हुई थी। अदालत से भी दोनों ने शादी की थी।
शादी के बाद आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आए ससुराल वाले उसकी पत्नी को अपने साथ ले गए थे। उसके बाद से पत्नी को ससुराल वाले विदा नहीं कर रहे हैं। 15 सितंबर को पत्नी ने फोनकर बताया कि परिवार वाले उसकी शादी होने से इन्कार करने का दबाव बना रहे हैं।
बात न मानने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। ससुराल वालों ने उसकी पत्नी को बंधक बना रखा है। साहब हमारी पत्नी हमें दिला दो। थाना प्रभारी कपिल दुबे ने बताया कि युवक की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।