कानपुर देहात। थाना समाधान दिवस पर ठंड के कारण शनिवार को फरियादियों का टोटा रहा। अधिकारियों को थाने में पांडाल सजाकर फरियादियों के आने का इंतजार करना पड़ा। कहीं सात तो कहीं आठ फरियादी ही पहुंचे। रसूलाबाद में सभी आठ शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया।
अकबरपुर कोतवाली में एसडीएम आनंद कुमार सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को समाधान दिवस हुआ। इसमें सात शिकायतें आई। तीन का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। सीओ संदीप सिंह, कोतवाल आमोद कुमार, चौकी प्रभारी अनुराग पांडेय मौजूद रहे। रसूलाबाद थाने में थानाध्यक्ष तुलसीराम पांडेय की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ। आठ फरियादियों ने पारिवारिक और मामूली विवादों के निस्तारण की अर्जी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी शिकायतों का निस्तारण करा दिया गया। राजवीर, सुखबीर, राजाराम, सुनैना, नीतू, नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी संजय पटेल सहित क्षेत्रीय कानूनगो व लेखपाल मौजूद रहे।
डेरापुर में एसडीएम दीपाली भार्गव की अध्यक्षता में थाना दिवस हुआ। तीन शिकायतों में एक का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष दो शिकायतों के निस्तारण के लिए एसडीएम ने राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम भेजी है। भोगनीपुर कोतवाली में कोतवाल चंद्रशेखर दुबे की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस में तीन शिकायतें आई। एक भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। सुनरापुर गांव निवासी वासुदेव शर्मा ने बताया कि उनकी बहू ने उन पर फर्जी रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गुरूगांव निवासी रघुवीर कुशवाहा की पत्नी विमला कुशवाहा ने बताया कि उनके खेतों पर गांव के ही कुछ दबंग लोग अवैध कब्जा कर रहे है। रामपुर-हराहरा निवासी लालाराम ने बताया कि वह खेत में एक चौथाई के हिस्सेदार है। अन्य खातेदार उनकी भूमि पर कब्जा कर रहे है।