रूरा। थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी जमानत पर जेल से बाहर आया है। मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने के लिए मंगलवार की सुबह आरोपी व उसके परिजनों ने घर में घुसकर पीड़िता के पिता को तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू की है।
रूरा क्षेत्र के गांव निवासी किशोरी से एक वर्ष पूर्व वहीं के युवक ने दुष्कर्म किया था। घटना में रिपोर्ट दर्ज होने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मौजूदा समय में आरोपी जमानत पर बाहर आया है।
मंगलवार सुबह आरोपी व उसके परिजनों ने घर में घुसकर पीड़िता के पिता के साथ मारपीट की। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मंगलवार की सुबह शिवम सिंह, पप्पू सिंह व चुन्नी सिंह तमंचे लेकर छत के रास्ते घर में घुस आए।
पूर्व में दर्ज कराए दुष्कर्म के मामले की रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाया और तमंचे की बट से पिता पर हमला किया। शोर सुनकर पड़ोसी घर की तरफ आने लगे तो हमलावर भाग गए।
थाना प्रभारी अनूप कुमार निगम ने बताया कि पूर्व में दुष्कर्म के मामले का आरोपी कोर्ट से जमानत पर है। पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है। विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।