कानपुर देहात। मौसम का मिजाज तीन दिनों से बदला है। बुधवार को सुबह से ही बारिश शुरू हो गई। पूरे दिन आसमान में घने बादल छाए रहने के साथ रुक रुक कर कभी तेज तो कभी धीमी बारिश हुई। अकबरपुर में दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश से कई मोहल्लों में जलभराव हो गया।
ओवरब्रिज चौराहे पर जलभराव से होकर पैदल राहगीर व वाहन सवार निकलने को मजबूर हुए। वहीं, तेज हवा के साथ हुई बारिश से शिवली में बिजली की मेनलाइन में फाल्ट हो गया। इससे कस्बा व 50 गांवों में करीब 12 घंटे आपूर्ति ठप रही। 40 हजार आबादी को बिजली व पानी संकट से जूझना पड़ा।
जिले में तीन दिन से रुक रुक हो रही बारिश बुधवार दोपहर आफत बनकर बरसी। घने बादलों से दिन में अंधेरा छा गया और वाहनों की हेडलाइट जलाकर लोग निकले। अकबरपुर में ओवरब्रिज चौराहा, तहसील परिसर, गांधी नगर व अयोध्यानगर में गलियां जलमग्न हो गईं।
लोगों को पानी से होकर निकलना पड़ा। रूरा में बाजार वार्ड में जलभराव रहा। इधर शिवली उपकेंद्र की मेन लाइन में हवा संग सुबह हुई बारिश से ब्रेक डाउन हो गया। इससे कस्बा व बसेन, बिकरू, हरदियानाला, केशरीनिवादा, बक्सपूर्वा, मवैया, ज्योति, सरैयां समेत 50 गांव में बिजली ठप हो गई।
बिजली नहीं आने से पेयजल किल्लत भी रही। करीब 40 हजार से अधिक लोगों को परेशानी हुई। लोगों को हैंडपंप से पानी भरकर लाना पड़ा। बारिश की वजह से लाइन की पेट्रोलिंग करने में रुकावट रही। हालांकि बारिश कुछ कम हुई को लाइनमैनों ने पेट्रोलिंग कर फाल्ट खोजे।
उपकेंद्र तक आई मेन लाइन के जंफर आदि भी दुरुस्त किए गए। सुबह छह बजे से गुल हुई बिजली शाम को छह बजे वापस आई। अवर अभियंता अवधेश सिंह ने बताया कि सुबह मुख्य लाइन में ब्रेक डाउन हो गया था। शाम को खराबी दूर कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
इधर, अकबरपुर में बारिश के दौरान हवा चलने से दोपहर में ढाई बजे बिजली गुल हो गई। करीब एक घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। एसडीओ सतीष कुमार ने बताया कि मौसम खराब होने से स्थानीय फाल्ट से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।