कानपुर देहात में अकबरपुर कोतवाली के जैनपुर चौकी में तैनात सिपाही ने गुरुवार रात सरकारी रायफल से गोली मारकर जान देने की कोशिश की। इससे चौकी में हडक़ंप मच गया। साथी पुलिस कर्मी उसे पास के एक निजी अस्पताल ले गए।
वहां एएसपी भी मौके पर पहुंचे। निजी अस्पताल से सिपाही को हैलट रेफर कर दिया गया। हैलट में उसका उपचार चल रहा है। उसकी हालत में सुधार है। सिपाही आगरा का रहने वाला है। उसके सीने में गोली है। सिपाही की 11 दिन बाद शादी है।
आगरा नहचानी गांव निवासी शनि कुमार (23) 2018 बैच का सिपाही है। अकबरपुर कोतवाली के जैनपुर चौकी में 15 फरवरी 2019 से तैनात है। 28 जनवरी को उसकी शादी होनी है। गुरवार को रात करीब 12 बजे उसने कमरे के अंदर खुद को सरकारी रायफल से गोली मार ली।
इससे चौकी में मौजूद पुलिस कर्मियों में हडक़ंप मच गया। दो साथी सिपाही उसे बाइक से लेकर तत्काल पास के अस्पताल पहुंचे। वहां चौकी इंचार्ज रंजीत सिंह, कोतवाल आमोद कुमार सिंह, एएसपी अनूप कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंनें से सिपाहियों से घटना के बावत जानकारी ली।
इस बीच डाक्टर ने हैलट रेफर कर दिया। इसके बाद एंबलुंस से उसे हैलट ले जाया गया। हैलट में सिपाही को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। रात में ही सिपाही के परिजनों को आगरा सूचना दे दी गई थी। सिपाही के गोली मारने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका।
फिलहाल सिपाही के साथ तैनात सभी पुलिस कर्मी हैलट में ही डेरा डाले हैं। चौकी में शुक्रवार को सन्नाटा पसरा रहा। कोतवाली से एक सिपाही को चौकी की निगरानी के लिए भेजा गया। एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि व्यक्तिगत कारणों से गोली मारने की बात सामने आई है। सिपाही ही हालत में सुधार है। मामले की छानबीन की जा रही है।