कानपुर देहात। प्रोजेक्ट नई किरण की सुनवाई अब पुलिस लाइन सभागार में होगी। अभी पिछले कुछ दिनों से पुलिस लाइन में प्रशिक्षण सभागार में इसका आयोजन कराया जा रहा था। वहां पानी व शौचालय की व्यवस्था न होने से परेशानी हो रही थी। खुले में सबके सामने समस्याएं बताने में दंपति अपने को असहज महसूस करते थे। प्रोजेक्ट नई किरण के सदस्यों ने एसपी से मिलकर समस्या बताई। एसपी ने तत्काल समाधान कर दिया।
प्रोजेक्ट नई किरण की सदस्य कंचन मिश्रा, डॉ पूनम गुप्ता, जिया उल हक, आरपी यादव, सूबेदार पाल ने एसपी अनुराग वत्स से मिलकर बताया कि कुछ दिनों पूर्व सुनवाई के लिए स्थान बदल कर प्रशिक्षण हाल दिया गया है। वहां एक साथ सभी पक्ष व विपक्ष बैठते हैं। इससे सुनवाई में असुविधा होती है। कई लोग अपनी समस्याएं सबके सामने बताने में संकोच करते हैं। साथ ही वहां शौचालय, पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। इससे खास तौर पर महिलाओं को अधिक समस्या का सामना करना पड़ता है।
एसपी ने सदस्यों की समस्याएं सुनने के बाद सुनवाई के लिए पुलिस लाइन का सभागार उपलब्ध कराया। अब पुलिस लाइन सभागार में ही सुनवाई होगी। साथ ही सुनवाई के दिन क्रम वार एक सीओ की ड्यूटी लगाई जाएगी। वह भी मौजूद रहकर मामलों को सुनेंगे और निस्तारित कराने में मदद करेंगे।