संदलपुर। डिलवल गांव में सड़क किनारे खड़ी डीसीएम में पीछे से तेज रफ्तार पिकप जा टकराई। हादसे में पिकअप सवार युवक की मौत हो गई वहीं चालक घायल हो गया।
डेरापुर के खल्ला गांव निवासी यदुनाथ सिंह ने बताया कि वह छोटे भाई अखिलेश (24) के साथ पिकअप से रसूलाबाद स्थित एक डेयरी में दूध देने गए थे। वहां से लौटते समय डिलवल गांव के पास उनकी पिकअप सड़क किनारे खड़ी डीसीएम में पीछे से टकरा गई।
हादसे में वह और अखिलेश घायल हो गए। परिजन दोनों को झींझक सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर ने अखिलेश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अखिलेश को परिजन जिला अस्पताल की बजाय कानपुर नगर ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
अखिलेश की मौत की सूचना मिलते ही मां कमला देवी, भाई यदुनाथ, अजीत, सौरभ और बहन अनीता, सोनी बिलख पड़े। थाना प्रभारी एके मिश्र ने बताया कि डीसीएम का चालक मौके से भाग गया है। वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।