जिला अस्पताल में दवा लेने के लिए लगी लाइन। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जिला अस्पताल की जनरल फिजिशियन कोरोना संक्रमित मिली हैं। इसके बावजूद चिकित्सालय में संक्रमण के प्रति लापरवाही बरती जा रही है। ओपीडी में आने वाले मरीज न तो मास्क लगा रहे हैं और न ही शारीरिक दूरी का पालन कर रहे हैं। स्वास्थ्य कर्मचारी भी यहां किसी से टोकाटाकी नहीं करते हैं। रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को ओपीडी से लेकर औषधि केंद्र तक मरीजों की भीड़ लगी रही।
जिला अस्पताल की जनरल फिजिशियन डॉ. अराधना ने शनिवार को एंटीजन किट से जांच कराई तो वह संक्रमित मिली थीं। रविवार को आई आरटीपीसीआर रिपोर्ट में भी वह संक्रमित मिलीं। इसके बाद से उन्होंने खुद को घर में क्वारंटीन कर लिया।
चिकित्सक के संक्रमित मिलने के बाद भी अस्पताल में कोरोना को लेकर सतर्कता नहीं बरती जा रही है। सोमवार को ओपीडी में डॉक्टरों के कमरे के बाहर मरीजों की लंबी लाइन लगी रही। यहां मरीज एक-दूसरे से चिपक कर खड़े नजर आए।
मौके पर मौजूद वार्ड ब्वॉय भी लोगों को कोरोना के प्रति सतर्क करते नहीं दिखे। वहीं, प्रभारी सीएमएस डॉ. नरेंद्र बाजपेयी ने बताया कि अस्पताल आने वाले लोगों से लगातार कोविड नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है। इस संबंध में जगह-जगह पोस्टर बैनर भी लगे हैं।
चार दिन पहले हो चुकी महिला की मौत
कानपुर देहात निवासी एक महिला कानपुर नगर में कोरोना संक्रमित पाई गई थी। इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी कानपुर नगर के हैलट अस्पताल में मौत भी हो चुकी है। डॉ. यतेंद्र ने बताया कि महिला ने की जांच कानपुर नगर में हुई थी। वहीं उसका इलाज भी चल रहा था।