कानपुर देहात। जनपद के 16 केंद्रों पर 15 व 16 अक्तूबर को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2022 (पीईटी) होगी। इसमें कुल 24 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा को लेकर धारा 144 लागू की गई है। परीक्षा केंद्रों के सौ मीटर की परिधि में पांच से अधिक लोग एकत्र नहीं हो सकेंगे। कोई फोटोकॉपी की दुकान नहीं खुली रहेगी।
परीक्षा केंद्रों पर निगरानी के लिए पांच एसडीएम को जिम्मेदारी दी गई है। हर केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है। सीसीटीवी की निगरानी में यह परीक्षा होगी। सुबह व शाम की पाली में छह-छह हजार अभ्यर्थी दोनों दिन परीक्षा देंगे।
डीआईओएस अरविंद कुमार द्विवेदी ने बताया कि सभी तैयारी कर ली गई हैं। केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व जेपी गुप्ता ने बताया कि अभ्यर्थियों के साथ आने वाले परिजनों के रुकने के लिए अकबरपुर, डेरापुर व पुखरायां में व्यवस्था की गई है।
इसके साथ ही कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। किसी समस्या पर अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 7398594006 या 8429679005 पर संपर्क कर सकते हैं। डीएम नेहा जैन ने बताया कि परीक्षा को देखते हुए धारा 144 लागू की गई है। उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
चार स्थानों पर बनाई हेल्प डेस्क
परीक्षा में गैर जनपद के अभ्यर्थी आएंगे। उन्हें केंद्र तक पहुंचने में किसी तरह की असुविधा न हो इसको लेकर पुखरायां रेलवे स्टेशन, पटेल चौक पुखरायां, देवीपुर चौराहा और माती बस डिपो पर हेल्प डेस्क बनाई गई हैं। डीआईओएस ने बताया कि यहां स्थानीय कर्मचारी मौजूद रहेंगे। यह अभ्यर्थियों को केंद्र पर आसानी से पहुंचने का रूट और वाहन आदि की जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
जिले में यह कालेज बनाए गए परीक्षा केंद्र
अकबरपुर इंटर कॉलेज, अकबरपुर बालिका इंटर कॉलेज, अकबरपुर महाविद्यालय, आदर्श किसान इंटर कॉलेज हांसेमऊ, दयानंद इंटर कॉलेज बाढ़ापुर अकबरपुर, राजकीय डिग्री कॉलेज अकबरपुर, जीजीआईसी पुखरायां, जवाहर नवोदय विद्यालय नागिनजसी अकबरपुर, क्षेत्रीय इंटर कॉलेज फतेहपुर रोशनाई, अकबरपुर, महामाया पालीटेक्रिक अकबरपुर, नेहरू इंटर कॉलेज गजनेर, पटेल विद्या पीठ इंटर कॉलेज बरौर, श्रीकृष्ण औद्योगिक इंटर कॉलेज मोहम्मदपुर, मालवीय इंटर कॉलेज मुंगीसापुर डेरापुर, आरएसजीयू इंटर कॉलेज पुखरायां और विवेकानंद इंटर कॉलेज पुखरायां ।