राजपुर में कैंडल मार्च निकालते भीम आर्मी के लोग। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
राजपुर। राजस्थान के जालौर में शिक्षक की पिटाई से छात्र की मौत से नाराज आजाद समाज पार्टी व भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार रात राजपुर में कैंडल मार्च निकाला।
इस दौरान कुछ लोगों ने मार्च निकाल रहे कार्यकर्ताओं से मारपीट व गाली गलौच की। क्षेत्र के लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। पार्टी के पदाधिकारियों ने मामले में एसपी को तहरीर दी है।
आजाद समाज पार्टी व भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने मंगलवार को एसपी सुनीति से मिलकर बताया कि सोमवार की रात कस्बा स्थित नए बस स्टॉप से ब्लॉक मुख्यालय तक कैंडल मार्च निकाल रहे थे।
उसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने मार्च निकालने का विरोध करते हुए कार्यकर्ताओं से मारपीट व गाली गलौज की। इस पर आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वेश कुमार व मंडल उपाध्यक्ष श्याम बाबू राठौर व क्षेत्र के अन्य लोगों ने सभी को समझाकर शांत कराया।
थाने पर शिकायत करने पर सुनवाई नहीं हुई। थानाध्यक्ष अनुराग पांडेय ने बताया कि उन्हें कैंडल मार्च निकाले जाने की सूचना नहीं है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसपी सुनीति ने बताया कि पार्टी पदाधिकारियों ने मारपीट व गाली गलौच किए जाने की तहरीर दी है। मामले में जांच कराई जाएगी।