अकबरपुर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के बाहर लगी ग्राहकों की भीड़।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। पुलिस लॉकडाउन का पालन कराने में शिथिलता बरत रही है। सोमवार को अकबरपुर में बैंक ऑफ बड़ौदा में भारी भीड़ रही। यह लोग सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे थे। वहां तैनात गार्ड दूर बैठे रहे। पुलिस भी अनदेखी करती रही।
बैंक ऑफ बड़ौदा के बाहर सोमवार को ग्राहक एक जगह जमा हो गए। इससे सामाजिक दूरी का नियम तार-तार हो गया। मुख्य मार्ग पर बैंक स्थित होने के बाद भी पुलिस कर्मियों की नजर नहीं पड़ी। बैंक से पांच सौ मीटर दूर ओवर ब्रिज के नीचे सीओ संदीप कुमार और कोतवाल आमोद कुमार सिंह समेत पुलिस बल तैनात रहता है। पुलिस गश्त करने के बजाय ओवर ब्रिज के आसपास से निकलने वालों को रोकटोक कर लॉकडाउन का पालन कराने में औपचारिकता निभाती रही। बैंक के बाहर भीड़ देखकर सामाजिक दूरी के नियमों के धज्जियां उड़ने की चर्चा होती रही। एसपी अनुराग वत्स ने सिकंदरा कस्बा में दुकानों व बैंकों के बाहर समाजिक दूरी की हकीकत देखी। एसपी के आने की भनक पर पुलिस ने वहां पहले से ही भीड़ हटवा दी। एसपी ने पुलिस कर्मियों को समाजिक दूरी का कड़ाई से अनुपालन कराने के लिए कहा। डेरापुर में बैंकों के बाहर लाइन लगाई गई। उधर, सोमवार की शाम एसपी अनुराग वत्स ने भोगनीपुर पहुंचकर कोतवाल चंद्र शेखर दुबे को सामाजिक दूरी का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने बैंकों और गैस वितरण में लोगों के बीच सामाजिक दूरी बनाए जाने के संबंध में जानकारी की।