चौबेपुर (बिल्हौर)। थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव में राशन विवाद को लेकर सोमवार सुबह दो पक्षों में कहासुनी-गालीगलौज के बाद जमकर मारपीट हुई। इस दौरान फायरिंग होने की सूचना पर थाना पुलिस आनन-फानन मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों के 16 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।
मालूम हो कि त्रिलोकपुर गांव निवासी कमल कुमार यादव कोटेदार हैं। बताया गया है कि गांव निवासी नरेंद्र चौहान का पुत्र अनुज रविवार शाम राशन के लिए दुकान पर गए थे। जहां दोनों के बीच कहासुनी व मारपीट के बाद मामला पुलिस में पहुंचा था। पुलिस को दी तहरीर में राशन डीलर कमल यादव ने बताया कि अनुज बेवक्त जबरन राशन देने की जिद कर रहा था, मना करने पर उसने दुकान में रखी बायोमेट्रिक मशीन तोड़ दी।
वहीं अनुज का कहना था कि कोटेदार कई दिनों से उसे राशन के लिए दौड़ा रहा थे, उसी के बुलावे पर वह शाम को राशन लेने के लिए दुकान पर गए थे, जहां दुकानदार ने उसके साथ गाली गलौज और मारपीट की। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की थी। इधर उक्त बात को लेकर सोमवार सुबह एक बार पुन: दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इस दौरान ईंट पत्थर चलने से अमितभान व अनुज को चोटें आईं। गांव में झगड़ा व फायरिंग की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मारपीट कर रहे 16 लोगों को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस ने सभी के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन, महामारी अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की। थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि राशन विवाद को लेकर दो पक्षों में में मारपीट हुई है। ग्रामीणों से की गई पूछताछ में फायरिंग की बात सामने नहीं आई है। गिरफ्तार किए गए लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की गई है।