बिल्हौर। तहसील क्षेत्र के गांवों में गैर प्रांतों व जिलों से आ रहे लोगों को अब शासन से आए निर्देशों के बाद पंचायत भवन, प्राथमिक-जूनियर स्कूल और समीप के इंटर कॉलेज में ही रोका जाएगा। सुरक्षा के मद्देनजर बाहरी लोग 14 दिनों तक अपने परिजनों के संग पूर्व की तरह नहीं रह पाएंगे। बाहर से आए लोगों की चिकित्सकीय जांच देखरेख के बाद ही ऐसे सभी लोगों को निर्धारित समय के बाद घर जाने की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने क्षेत्र के कई प्रमुख इंटर कॉलेज परिसर और सामुदायिक भवनों, पंचायत भवन, स्कूलों को कब्जे में लिया है। वहीं, कई गांव में यह व्यवस्था चालू भी हो हुई है, जहां पर बाहर से आए लोगों को भोजन देने के साथ ही उनकी चिकित्सकीय जांच कर कोरोना के प्रति उन्हें जागरूक किया गया।
तहसीलदार अवनीश कुमार ने बताया कि क्षेत्र के चौबेपुर, शिवराजपुर, ककवन और बिल्हौर ब्लाक में बड़ी संख्या में दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़, अंबाला, रोहतक, गुड़गांव, हिमाचल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित दक्षिण भारत से श्रमिकों और नौकरीपेशा लोगों का पहुंचना जारी है। बाहर से आ रहे लोगों को देख ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है इसलिए शासन से आए निर्देशों के बाद ऐसे सभी बाहरी लोगों को गांव के ही पंचायतों, सरकारी स्कूलों और नजदीक के इंटर कॉलेज या सामुदायिक भवन में रोकने का प्रबंध किया गया है। ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी, क्षेत्रीय लेखपाल ऐसे सभी लोगों के लिए पेयजल ठहरने और भोजन की व्यवस्था करेंगे। इसके साथ ही संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक स्टाफ भी ऐसे लोगों की जांच पड़ताल उनकी सूची तैयार कर अधिकारियों को प्रेषित करेंगे। बाहर से आए जो लोग सरकारी व्यवस्था को तोड़ेंगे उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बाहर से आने वाले सभी लोग अपने परिजनों से 14 दिनों तक उचित दूरी रखें और डॉक्टरी सलाह के उपरांत ही अपने परिजनों से मिले।