रनियां। अकबरपुर कोतवाली के रायपुर तिराहा पर कानपुर-इटावा हाईवे के डिवाइडर पर सोमवार की सुबह एक युवक गश खाकर गिर गया। पुलिस ने युवक को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। आधार कार्ड से शव की शिनाख्त कानपुर के जरौली फेस -2, बर्रा दो निवासी कृष्ण चंद्र (35)के तौर पर हुई है।
सोमवार की सुबह रायपुर तिराहे पर कानपुर की लेन के डिवाइडर पर युवक को बैठे कुछ लोगों ने देखा था। इसके बाद वह नहीं उठा तो लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर कोतवाल तुलसीराम पांडेय व चौकी इंचार्ज गजेंद्र सिंह पाल मौके पर पहुंचे और छानबीन की। कपड़ों से आधार कार्ड, मोबाइल व एक पर्स मिला। परिजनों ने फोन नहीं उठाया, इस पर पुलिस ने थाना के माध्यम से परिजनों को सूचना भेजी है। युवक रायपुर कैसे पहुंचा और मौत की वजह क्या है यह अभी साफ नहीं हो सका। कोतवाल ने बताया कि आधार कार्ड के अनुसार शव की पहचान हुई है, परिजनों के आने पर इसकी पुष्टि हो सकेगी। आशंका है कि तबीयत खराब होने के बाद युवक की मौत हो गई। पोस्टमार्टम में ही मौत की वजह साफ होगी।