कानपुर देहात। परिवहन विभाग व यातायात पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा माह के तहत बस चालकों व लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। लोगों से सड़क पर चलते समय सुरक्षा एवं नियमों का पालन करने के लिए अपील की गई।
सोमवार को माती बस स्टेशन पर एआरटीओ प्रवर्तन उमाशंकर यादव, यात्रीकर अधिकारी आनंद कुरील व यातायात पुलिस ने जागरुकता अभियान चलाया। एआरटीओ प्रर्वतन ने बस चालकों को बताया कि सड़क हादसों को रोकने के लिए नशे में वाहन न चलाएं। वाहन का फिटनेस, परमिट, प्रदूषण जांच समय से कराएं। प्रेशर हार्न व मल्टी ट्यून हार्न का प्रयोग न करें। यात्रीकर अधिकारी ने बस में सवार यात्रियों को जागरुक करते हुए कहा कि सड़क पर चलते समय हमेशा यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। यातायात नियम सुरक्षित सफर के लिए बनाए गए है। इनका पालन करने से हादसों से बचा जा सकता है। ट्रैफिक पुलिस के उपनिरीक्षक विनोद दुबे सभी चालकों व यात्रियों को पत्रक बांटे। इस दौरान हेड कांस्टेबल हरिश्चंद्र, अभिषेक, राजीव कुमार आदि रहे।