कानपुर देहात। ठंड ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सोमवार को न्यूनतम पारा 4.6 डिग्री सेल्सियस आ गिरा। सुबह व शाम बादली छाई रही। सर्द हवाओं के चलते गलन बढ़ गई है। इसके बाद भी प्रशासन की ओर से अलाव के इंतजाम नहीं हुए हैं। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में सर्दी बढ़ने के आसार हैं।
जिले में पिछले कई दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव का क्रम बना हुआ है। सोमवार को अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य स्तर पर था। वहीं न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। सुबह के समय सर्द हवाएं चलने से लोगों ने ठिठुरन महसूस की। हालांकि सुबह से ही धूप निकलने से कुछ राहत जरूर मिली। वहीं शाम को पांच बजते ही गलन फिर से बढ़ गई। वहीं जिला प्रशासन की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था न होने के कारण लोग कूड़ा आदि जलाकर ठंड से बचाव करते दिखे। सीएसए के मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस सप्ताह आसमान साफ रहेगा। हालांकि, तापमान और गिरने की संभावना है।