अकबरपुर के स्टेट बैंक रोड़ पर लड़ते सांड।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। अकबरपुर के स्टेट बैंक के पास सोमवार को तब अफरा-तफरी मच गई। जब छह से अधिक सांड़ एक साथ रोड पर लड़ने लगे। इससे रोड पर यातायात करीब 15 मिनट तक ठहर गया। सांड़ों के हमले से कई राहगीर बाल-बाल बच गए।
सरकार व जिला प्रशासन छुट्टा मवेशियों से निजात दिलाने के बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं। इसके बाद भी छुट्टा मवेशी किसान से लेकर आम आदमी के नाक में दम किए हैं। अधिकतर कस्बों में छुट्टा सांड़ सरेराह लोगों पर हमला कर रहे हैं। सोमवार को अकबरपुर के एसबीआई बैंक के पास कई सांड़ सड़क पर लड़ने लगे। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। यातायात ठहर गया। लड़ने के दौरान सांड़ों के हमले से गई राहगीर बाल-बाल बच गए। करीब 15 मिनट तक चली लड़ाई के बाद सांड़ों को लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद भगाया। कस्बाइयों का कहना है कि इस रोड पर अक्सर सांड़ लड़ जाते हैं। कई बार अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।