शिवली। क्षेत्र के प्रसिद्ध शोभन मंदिर के आसपास पुलिस गश्त तेज करेगी। शुक्रवार की रात चोरी होने के बाद पुलिस ने रूपरेखा तय की। अब कोतवाली व चौकी की दो टीमें रात में शोभन आश्रम क्षेत्र में गश्त करेंगी। मंदिर के महंत ने मूर्तियां चोरी होने से इंकार किया।
आश्रम परिसर स्थित सात मंदिरों के ताले तोड़कर चोर मूर्तियों के सोने के आभूषण व चांदी की गदा आदि पार कर ले गए थे। हालांकि, मंदिर प्रबंधन की ओर से कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई। घटना की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए कोतवाली शिवली व बाघपुर चौकी पुलिस मिलकर रैंडम गश्त करेंगी। इधर, शोभन मंदिर के महंत हरिशरण जी महाराज ने रविवार को बताया कि मंदिर से कोई मूर्ति चोरी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि रात में मंगला आरती करने पहुंचने पर मुख्य मंदिर के बिजली के तार व ताले टूटे पड़े मिले। हनुमान, गुरु भगवान, बाल्मीकि भगवान, राधा कृष्ण, रामदरबार आदि सात मंदिरों के ताले तोड़कर चोर चांदी की एक गदा, चांदी का एक छत्र, सोने की एक नथुनी, एक इनवर्टर, पूजन की थाली, घंटी व पंखे उठा ले गए। थाना प्रभारी वीरपाल सिंह ने बताया कि मंदिर से मूर्ति चोरी नहीं हुई। मंदिर प्रबंधन की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। मूर्तियों के सोने व चांदी के आभूषण चोरी होने की जानकारी दी गई थी लेकिन मंदिर प्रबंधन रिपोर्ट दर्ज कराने से इंकार कर रहा है। हालांकि मंदिर प्रबंधन से वार्ता कर सुरक्षा की रूपरेखा बनाई गई है।