कानपुर देहात। प्रदेश में टिड्डी दल के प्रकोप की सूचना पर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। अग्निशमन विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। उप कृषि निदेशक का कहना है कि शोर मचाने पर टिड्डी दल खेत से भाग जाते हैं। किसानों को इसकी जानकारी दी जा रही है।
उप कृषि निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि किसानों की फसल बचाने के लिए टास्क फोर्स का गठन किया गया है। विकास भवन में इसके लिए कंट्रोल रूम बना दिया गया है। सीडीओ जोगिंदर सिंह ने भी संबंधित विभाग के अधिकारियों से अलर्ट रहने को कहा है। उन्होंने बताया कि टिड्डी दल के प्रकोप पर किसान व गांव के लोग एक जगह इकठ्ठा होकर ढोल, नगाड़ों, टिन से आवाज करें। शोर होने से टिड्डी दल खेतों में आक्रमण नहीं कर पाते हैं और आगे बढ़ जाते हैं। डीएम राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सर्वेक्षण टीम का गठन किया गया है।