कानपुर देहात। जिले में 40 दिन बाद सोमवार सुबह शराब की दुकानें खुलते ही भीड़ उमड़ पड़ी। दूरी का नियम टूटने पर पुलिस ने लाठी चलाई। इसके बाद लोग तय दूरी बनाते हुए शराब खरीदने के लिए डटे रहे। आबकारी विभाग के अनुसार जिले में सोमवार को एक दिन में एक करोड़ रुपये की शराब बिकी है। आम दिनों में 70 से 80 लाख रुपये की बिक्री होती है।
नबीपुर में देशी शराब का ठेका खुलने से पहले ही बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। जैनपुर चौकी पुलिस ने लाठी पटक कर लाइन लगवाई। तय दूरी न बनाने पर पुलिस ने लाठी चलाकर लोगों को खदेड़ा। अकबरपुर के रूरा चौराहे स्थित अंग्रेजी शराब ठेके में सामाजिक दूरी भूलकर लोग भीड़ लगा कर खड़े हुए। अंडरपास के नजदीक स्थित मॉडल शाप में लाइन लगाकर लोगों ने इंतजार किया। झींझक के देशी व अंग्रेजी शराब ठेकों के आसपास सुबह से ही लोग जमा होने लगे थे। सेल्समैन के पहुंचते ही लोगों ने लाइन लगानी शुरू कर दी। डेरापुर इंस्पेक्टर नीरज यादव ने चौकी प्रभारियों के साथ बैठक कर शराब की दुकानों में सामाजिक दूरी का पालन कराने के निर्देश दिए। संदलपुर में देशी, अंग्रेजी शराब व बीयर की दुकानों पर भीड़ रही। पुलिस ने लाइन लगवा कर बिक्री करवाई। शिवली के बाघपुर, बन्नापुर, औनहा, मैथा, बैरी, ककरमऊ, भाऊपुर की शराब की दुकानों में लोगों ने लाइन लगाकर खरीद की। पुलिस ने लोगों को दूरी बनाए रखने की हिदायत दी। रनियां के अनुसार रायपुर देशी शराब की दुकान में लंबी लाइन लगी थी। गांवों से लेकर नगरीय क्षेत्रों तक हर दुकान पर भीड़ नजर आई। जिला आबकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह ने कहा कि ग्राहकों के हाथ सैनिटाइज कराने के साथ मास्क लगाकर आने वाले को ही शराब देने के लिए कहा गया है। उधर, पुखरायां में लोग शराब की दुकान खुलने से पहले पहुंच गए। सुबह साढ़े दस बजे दुकानों के सील बंद ताला खोलकर सैनिटाइज कराया गया। इसके बाद बिक्री शुरू हुई। भीड़ नियंत्रित करने और सामाजिक दूरी के लिए रस्सी बांधकर कतारें लगवाई गईं। एसडीएम राजीव राज ने कहा कि पान मसाले की दुकानें खुलने की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।