धूप से बचने के लिए सिर पर दुपट्टा रखकर जाती युवतियां। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। मानसून एक बार फिर कमजोर पड़ गया है। मानसूनी ट्रफ के राजस्थान व बंगाल की पूर्व मध्य खाड़ी की ओर सक्रिय होने से फिलहाल जिले में मध्यम या अधिक बारिश की संभावना टल गई है। अब केवल बूंदाबांदी की आस है। इससे उमस भरी गर्मी फिर से परेशानी का सबब बनेगी।
मानसून सक्रिय होने पर पिछले तीन दिनों में अच्छी बारिश हुई। इससे खेतों में किसानों ने फसलों की बुआई व रोपाई शुरू कर दी थी। वहीं, अब हवा की दिशा बदलने और मानसून ट्रफ राजस्थान व बंगाल की पूर्व मध्य खाड़ी की ओर सक्रिय होने से बारिश की संभावना कम हो गई है।
रविवार को भी पूरे दिन आसमान में बदली के बीच धूप की लुका छिपी रही। इससे मौसम गर्म रहा। उमस अधिक होने से लोग पसीने से तर बतर रहे। अधिकतम तामपान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा। हवा की गति 9.2 किमी प्रति घंटा दक्षिण पूर्व रही। मौसम गर्म रहने से लोगों की परेशानी बढ़ गई। सुबह आसमान में बादल छाए रहने पर मोर बारिश की आस में नाचते दिखे।
सीएसए के मौसम वैज्ञानिक एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अगले पांच दिनों में आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने की संभावना है। तेज हवाओं व गरज चमक के साथ केवल बूंदाबांदी की संभावना है।