पोस्टमार्टम हाउस में गमगीन खड़े मृतका के परिजन। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
रसूलाबाद (कानपुर देहात)। थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को संदिग्ध हालात में एक विवाहिता का शव ससुराल में मिला। सूचना पर पहुंचे पिता व अन्य परिजनों ने ससुरालवालों पर दहेज के लिए बेटी की गला घोटकर हत्या करने का आरोप लगाया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास-ससुर और सिपाही ननद के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
बिठूर निवासी किसान कैलाश नारायण की पुत्री सौम्या (21) की शादी दिसंबर 2020 में रसूलाबाद के कनपटियापुर निवासी नारायण पांडेय से हुई थी। सौम्या के भाई मोहन ने बताया कि शादी के बाद से ससुराल वाले बहन को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे।
नवंबर में पिता और नारायण के परिवार के बीच वार्ता हुई तो इसमें एक लाख रुपये देने की बात कही। इस पर नारायण के परिजन मान गए। इसके बाद भी उसकी सिपाही बहन सलोनी सौम्या को धमकाती थी।
मोहन ने बताया कि रविवार शाम सात बजे नारायण ने फोन कर सौम्या के फांसी लगाने की जानकारी दी। एक घंटे बाद जब बहन की ससुराल पहुंचे तो वहां सौम्या का शव बेड पर रखा मिला।
मामले में सौम्या के पिता ने देर रात रसूलाबाद थाने में दहेज हत्या की तहरीर दी। सोमवार की सुबह पुलिस ने नारायण व उसके पिता मोतीलाल, मां प्रतिष्ठा और बहन सलोनी के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। दहेज हत्या की जांच सीओ स्तर से होगी।