कानपुर देहात। माती इको पार्क स्थल पर कानपुर देहात महोत्सव व इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियां जोरों से चल रही हैं। यहां फन जोन में मनोरंजन का खास इंतजाम किया जा रहा है।
यहां पूरे दिन जादू का शो चलेगा। इसके साथ ही कोलंबस व ब्रेक डांस झूला भी लोगों को आकर्षित करेगा। बच्चे ड्रैगन ट्रेन के साथ वाटर बोट की सैर कर पाएंगे। इनके लिए लोगों को शुल्क देना होगा।
इन्वेटर्स समिट के साथ कानपुर देहात महोत्सव को रंगारंग करने के लिए पूरी तैयारी है। यहां 6 से 12 फरवरी तक दिन और रात में अलग अलग कार्यक्रम होंगे। इसकी रूपरेखा तय कर ली गई है। मेले में प्रवेश निशुल्क है। अब तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। परिसर में रंग रोगन का काम चल रहा है।
जबकि विभिन्न तरह के स्टाल लगाए जा रहे हैं। यहां कामर्शियल जोन में सौ के करीब स्टाल लगाए जाएंगे। फन जोन युवाओं व बच्चों के साथ अन्य वर्ग के लोगों के मनोरंजन की पसंदीदा जगह होगी।
यहां चार बड़े झूलों का आनंद लिया जा सकेगा। सेल्फी प्वाइंट के रूप में झोपड़ी और बैलगाड़ी के साथ आभासी कुआं बनाकर सजाया जा रहा है। मेला मैनेजर सनी ने बताया कि कल शाम तक झूलों पर प्रकाश का काम पूरा हो जाएगा।
महोत्सव में होने वाले प्रमुख कार्यक्रम।
छह फरवरी : रानी खानम का कथक नृत्य
सात फरवरी : सीडीओ सौम्या पांडेय का कथक नृत्य और लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी की प्रस्तुति।
आठ फरवरी : सबके प्यारे राम (रामलीला मंचन)
नौ फरवरी : डॉ. कुमार विश्वास का काव्य पाठ।
10 फरवरी : ब्रज की होली एवं मयूर नृत्य व वंदना मिश्रा की ओर से लोक गीत प्रस्तुति।
11 फरवरी : हास्य कलाकार सुनील पाल, अन्नू अवस्थी व रविंद्र जॉनी की प्रस्तुति।
12 फरवरी : पद्मश्री कैलाश खेर की प्रस्तुति।
नोट : ये सभी कार्यक्रम शाम छह से नौ बजे तक होंगे।
दिन में होंगे ये कार्यक्रम
पहले दिन इन्वेस्टर्स समिट का उद्घाटन सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ होगा। सात फरवरी को अन्नपूर्णा मिलेटस महोत्सव, किसान सम्मान समारोह। आठ फरवरी को आयुष्मान विधि की स्वास्थ्य संबंधी परिचर्चा। नौ फरवरी को पत्रकार, पुलिस, भूतपूर्व सैनिक एवं वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान समारोह। 10 फरवरी को सुशासन की स्थापना के लिए कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा। 11 फरवरी को शासन की उत्कृष्ट नीतियों के फलस्वरूप महिलाओं की विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ती भागीदारी पर परिचर्चा। 12 फरवरी को निपुण महोत्सव, शिक्षक समागम एवं युवाओं की समस्त चुनौतियों पर परिचर्चा होगी।