अकबरपुर में सीमेंट लदे ट्रक का चालान करती ट्रैफिक पुलिस।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। लॉकडाउन में आवश्यक वस्तुओं के परिवहन की छूट को कुछ ट्रक चालक गलत फायदा उठा रहे हैं। खाद्य सामग्री की आड़ में सीमेंट ले जाते हुए एक ट्रक पकड़ा गया है।
अकबरपुर अंडरपास पर शनिवार सुबह ट्रैफिक पुलिस ने फ्रंट मिरर पर खाद्य एवं रसद लिखे ट्रक को रोक लिया। लदे माल की पड़ताल की गई तो ट्रक में सीमेंट की बोरियां लदी मिलीं।
ट्रक चालक ने बताया कि आलू की खेप लेकर कानपुर गया था। वहां से रसूलाबाद के लिए सीमेंट की खेप उठा ली। ट्रैफिक इंस्पेक्टर दिनेश भदौरिया ने बताया कि ट्रक का चालान करने के साथ ही चालक को चेतावनी दी गई है।
वहीं, रसूलाबाद पुलिस ने लॉकडाउन के दौरान 13 दोपहिया व चार कारों का चालान किया। थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय ने बताया कि बैरियर पर वाहनों की चेकिंग की जा रही है।