कानपुर देहात। रनियां क्षेत्र में हाईवे पर खानपुर खड़ंजा रोड के पास शनिवार देर रात तेज रफ्तार डीसीएम ने आगे जा रहे सब्जी लदे लोडर में टक्कर मार दी। लोडर पलटने से चालक की मौत हो गई, जबकि सब्जी आढ़ती गंभीर रूप से घायल हो गया। अनहोनी की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
उन्नाव के अचलगंज निवासी मो. एजाज सब्जी आढ़ती हैं। गजनेर के ररुआ निवासी शमशेर अपने लोडर से हरी सब्जियां लादकर मो. एजाज के साथ चकरपुर से शनिवार रात अकबरपुर आ रहे थे। हाईवे पर खानपुर खड़ंजे पर पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार डीसीएम ने लोडर में टक्कर मार दी।
लोडर पलटने से चालक शमशेर (32) की मौत हो गई। आढ़ती मो. एजाज गंभीर रूप से घायल हो गए। डीसीएम लेकर चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल आढ़ती को जिला अस्पताल भेजा।
इधर अनहोनी की सूचना पर शमशेर की पत्नी गीता व बच्चे साक्षी, सोनम व शिवम बिलखने लगे। कोतवाल प्रमोद कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।