कानपुर देहात। सिकंदरा तहसील में तैनात लेखपाल की शुक्रवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने मौत की वजह जानने के लिए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सिकंदरा तहसील में तैनात लेखपाल विनोद कुमार पाल (44) भोगनीपुर के सिखमापुर गांव में रहते थे। शुक्रवार की सुबह वह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। गांव के बाहर पहुंचने पर एक दुकान पर बैठकर कुछ लोगों से बात करने लगे।
थोड़ी देर बाद उठकर घर की तरफ बढ़े, तभी सड़क पर गिर गए। आसपास के लोग उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने विनोद को मृत घोषित कर दिया। बेटे आदित्य की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की।
थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि विनोद की मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पता चल सकेगी। प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से मौत होना प्रतीत हो रहा है।