झींझक रेलवे क्रासिंग पर फंसे वाहन।
- फोटो : AKBARPUR
झींझक (कानपुर देहात)। झींझक रेलवे फाटक खुलते ही पटरियों पर वाहन फंस गए। इससे क्रासिंग बंद नहीं हो सकी और डाउन महानंदा एक्सप्रेस (डाउन) को करीब आठ मिनट तक आउटर पर रोकना पड़ा। गेट मैन व पीआरडी कर्मियों ने पटरी पर फंसे वाहनों को हटाकर फाटक बंद किया। इसके बाद ट्रेन को वहां से रवाना किया जा सका।
झींझक रेलवे फाटक के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी थी। दोपहर 2:34 बजे गेटमैन मनराज के फाटक खोलने के बाद पहले निकलने की होड़ में रेल पटरी पर वाहन फंस गए और जाम लग गया। इसी दौरान इटावा की तरफ से महानंदा एक्सप्रेस वहां पहुंच गई। गेटमैन ने फाटक बंद करने का प्रयास किया, लेकिन पटरी पर वाहन फंसे देख वह घबरा गया।
फाटक बंद कर पाने में नाकाम गेट मैन ने अफसरों जानकारी देकर ट्रेन को दोपहर 2:36 बजे आउटर पर रुकवा दिया। इसके बाद गेट मैन और पीआरडी कर्मियों ने पटरी से वाहनों को हटवाया। तब फाटक को बंद कर दोपहर 2:42 बजे ट्रेन रवाना किया जा सका। झींझक स्टेशन अधीक्षक वेद प्रकाश ने बताया कि क्रासिंग पर जाम होने के कारण फाटक के बंद नहीं हो सका। इस वजह से आठ मिनट तक ट्रेन को आउटर पर रोका गया था।