रूरा क्रासिंग के पास खड़ा खराब ट्रक।
- फोटो : AKBARPUR
रूरा (कानपुर देहात)। एक के बाद एक 11 ट्रेनों के लगातार पास होने से अकबरपुर शिवली मार्ग पर पश्चिमी रेलवे फाटक शुक्रवार दोपहर 45 मिनट बंद रहा। इस कारण गेट के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार से जाम लग गया। फाटक की उत्तरी सड़क पर ओवरलोड ट्रक की कमानी टूट जाने से भी वाहन चालकों को परेशानी हुई।
दिल्ली हावड़ा रूट पर ट्रेनों की आवाजाही के कारण कस्बा का पश्चिमी रेलवे गेट शुक्रवार दोपहर को 1:02 बजे पर गेट बंद कर दिया गया। वहीं रेलवे गेट के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसमें बड़े वाहनों के भी बीच में फंस जाने से और भी परेशानी बढ़ गई। गेटमैन जियालाल ने बताया कि 11 ट्रेनों को पास कराने के लिए गेट को बंद किया गया था। ट्रेनों के निकल जाने के बाद 1:47 बजे गेट खोल दिया गया। गेट खुलते ही चालक वाहन निकालने की जल्दबाजी करने लगे।
इसके कारण फाटक पर जाम लगा रहा। पशु चिकित्सालय के सामने एक ओवरलोड ट्रक की कमानी टूट जाने से और जाम लगा रहा। पुलिस को जाम में फंसे वाहनों को निकलवाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान वाहन चालकों के बीच कहासुनी भी हुई। स्टेशन मास्टर ज्ञानेंद्र पांडेय ने बताया कि रूट पर लगातार अप और डाउन लाइन पर ट्रेनों के थोड़े ही अंतराल में आवागमन के कारण 45 मिनट तक गेट बंद रखा गया।