कानपुर देहात। अकबरपुर के शहजादपुर गांव के पास निर्माणाधीन स्कूल परिसर में बनाए जा रहे चर्च के विरोध में बजरंग दल व विहिप कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार की दोपहर जमकर हंगामा किया। चर्च में घुसकर पथराव व तोड़फोड़ की।
दीवारों पर धार्मिक नारे लिखने के साथ ही चर्च परिसर में भगवा झंडा फहराया। चर्च में लगी धार्मिक मूर्ति उखाड़कर क्षतिग्रस्त कर दी। मौके पर पहुंचे एडीएम वित्त एवं राजस्व, अकबरपुर थाना प्रभारी से कार्यकर्ताओं की नोकझोंक हुई। पुलिस ने किसी तरह से मामला शांत कराया।
बजरंग दल के प्रांत संयोजक अजीत राज की अगुवाई में जुटे कार्यकर्ताओं ने शहजादपुर गांव के पास बन रहे सेंट मैरी स्कूल परिसर में ही चर्च बनाने का विरोध करते हुए हंगामा किया। उन्होंने प्रबंधन पर अवैध रूप से निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए निर्माणाधीन भवन पर पथराव किया। परिसर में भगवा झंडे लगाने के साथ दीवारों पर धार्मिक नारे लिख दिए।
कार्यकर्ताओं ने परिसर में कुर्सी, मेज, किचन व कमरों में रखा सामान तोड़ डाला। मौके पर पहुंचे एडीएम जेपी गुप्ता से कार्यकर्ताओं की तकरार हुई, जिस पर वह लौट गए। वहीं, एसडीएम अकबरपुर डाॅ. पूनम गौतम, सीओ अरुण कुमार, अकबरपुर थाना प्रभारी सतीश कुमार सिंह ने नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा देकर कार्यकर्ताओं को शांत कराया।
एएसपी राजेश पांडेय ने बताया कि निर्माणाधीन स्कूल में बनाए जा रहे चर्च को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया था। मामला शांत करा दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।
मतांतरण का आरोप, लगाए पोस्टर
प्रांत संयोजक अजीत राय ने कहा कि करीब एक साल से अवैध रूप से स्कूल व चर्च का निर्माण कराया जा रहा है। कई बार जिला प्रशासन व केडीए से शिकायत की गई। इसके बाद भी प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। स्कूल की आड़ में मतांतरण की मंशा से चर्च का निर्माण कराया गया है। इसके पोस्टर भी वहां लगा दिए गए।
तीन लाख नकद गायब करने का लगाया आरोप
स्कूल प्रधानाचार्य मनोज ने बताया कि चर्च रोमन कैथोलिक डायस ऑफ इलाहाबाद की तरफ से बनवाया जा रहा है। परिसर में जमकर तोड़फोड़ की गई । कमरे व अलमारी के लॉक तोड़ दिए गए। कीमती सामान को क्षति पहुंचाई गई है। उनके शैक्षिक दस्तावेज, लैपटाॅप के साथ ही साढ़े तीन लाख से ज्यादा की रकम गायब है। स्थानीय प्रशासन को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की जाएगी।