पूर्व मुख्यमंत्री की ओर से वायरल की गई फोटो। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
रसूलाबाद (कानपुर देहात)। कस्बे की सीएचसी में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने परिसर में जलभराव, कंडम खड़ी एंबुलेंस और बंद लिफ्ट की समस्या से जुड़ी तीन फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड की हैं।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को सीएचसी रसूलाबाद के मैटरनिटी विंग जाने वाली रास्ते में जलभराव, बंद लिफ्ट व परिसर में खड़ी तीन कंडम एंबुलेंस की फोटो सोशल मीडिया में अपलोड की हैं।
फोटो वायरल होने के बाद सीएचसी में आनन-फानन कर्मचारी लगाकर सफाई कराई गई। सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित सक्सेना ने बताया कि जलभराव की समस्या से निजात के लिए कई बार उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर ग्राउंड लेवल को सही कराने की मांग की गई है।
कंडम एंबुलेंस को भी हटाने के लिए पत्र लिखा जा रहा है। मैटरनिटी विंग के ग्राउंड फ्लोर में प्रसव व अन्य काम होते हैं। इस वजह से अभी तक लिफ्ट नहीं चालू की गई है। कार्यदायी संस्था को पत्र भेजकर जल्द लिफ्ट चालू करवाई जाएगी।
पूर्व सीएम की ओर से वायरल की गईं फोटो पुरानी हैं। सीएचसी में खड़ी एंबुलेंस कंडम हो चुकी है, इसकी नीलामी की प्रक्रिया चल रही है। जलभराव से निजात के लिए ड्रेनेज सिस्टम ठीक कराने को कहा गया है। - एके सिंह, सीएमओ