संदलपुर (कानपुर देहात)। हरपुरा गांव में बुधवार की देर शाम राम आसरे के घर में आग लग गई। राम आसरे ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। तब तक बेटे की शादी में मिला सामान समेत गृहस्थी का लाखों का सामान जलकर बर्बाद हो चुका था। एसडीएम ने आग से हुए नुकसान का आंकलन करने के लिए लेखपाल को मौके पर भेजा है।
मंगलपुर के हरपुरा गांव निवासी राम आसरे बुधवार की शाम घर के बाहर गए थे। घर में बहू आशा व निशा मौजूद थीं। करीब सात बजे राम आसरे के घर के एक कमरे में आग लग गई। लपटें देख परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। राम आसरे और उनके परिजनों ने गांव वालों के साथ मिलकर आग पर काबू पाया।
रामआसरे ने बताया कि बेटे सुमित की शादी थी। शादी में टीवी, कूलर, फ्रिज, कपड़े व अन्य कीमती सामान जलकर बर्बाद हो गया। उन्होंने बताया कि आग से करीब एक लाख का नुकसान हुआ है। एसडीएम रमेश चंद्र ने बताया कि मामले की जानकारी के बाद लेखपाल को मौके पर भेज गया है। आंकलन की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।