तेज आंधी में पेड़ गिरने से किसान की मौत
- फोटो : amar ujala
कानपुर देहात के मदारपुर गांव में खेत पर कटाई करने के दौरान तेज आंधी आने पर पेड़ के नीचे खड़े किसान के ऊपर डाल टूटकर गिर गई। इससे वह घायल हो गया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां ईएमओ ने किसान को मृत घोषित कर दिया।
रसूलाबाद क्षेत्र के मदारपुर गांव निवासी किसान बलराम (48) रविवार शाम खेत में गेहूं फसल की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी चलने लगी। इससे बचने के लिए वह पास में खड़े आम के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी अचानक पेड़ की डाल टूटकर किसान के ऊपर गिर गई।
इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पत्नी मीरा व चचेरा भाई बृजेंद्र उसे एंबुलेंस से लेकर जिला अस्पताल अकबरपुर पहुंची। यहां इमरजेंसी डयूटी पर मौजूद चिकित्सक ने किसान बलराम को मृत घोषित कर दिया।
इसपर परिजनों में कोहराम मच गया। चचेरे भाई बृजेंद्र ने बताया कि मृतक के एक बेटा राहुल सिंह है, जो बीएससी का छात्र है। वहीं ईएमओ डॉ. निशांत पाठक ने बताया कि मेमो भेजकर सूचना अस्पताल की चौकी पुलिस को दी जा रही है।