Kanpur Dehat News: रूरा थानाक्षेत्र में खेत जुताई करते समय किसान का संतुलन बिगड़ने से वह रोटावेटर में फंस गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कानपुर देहात में रूरा थाना क्षेत्र के काशीपुर सलेमपुर में बुधवार सुबह खेत जुताई के दौरान रोटावेटर में फंसकर किसान रामगोपाल उर्फ कल्लू (25) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रामगोपाल अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पीछे की ओर गिरते हुए रोटावेटर में फंस गया। मशीन के चलते ही गंभीर चोटें आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आसपास मौजूद किसानों ने शोर मचाकर ट्रैक्टर बंद कराया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर रूरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। थानाध्यक्ष अमित शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हादसा काम के दौरान लापरवाही से हुआ प्रतीत होता है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।