कानपुर देहात। खरीफ की फसल में हुए नुकसान की क्राप कटिंग रिपोर्ट प्रशासन की ओर से दिसंबर के अंत में दे दी गई थी। अब किसानों को इसका मुआवजा 15 फरवरी तक उनके खातों में पहुंच जाएगा। बीमा कंपनी के अधिकारी के मुताबिक जिले में 4540 किसानों के खाते में 2,13,38079 करोड़ रुपये पहुंच जाएगा। भुगतान की प्रक्रिया बैंक की ओर शुरू कर दी गई है। बीमा कंपनी के नोडल अधिकारी का दावा है कि पहली बार सवा महीने में किसानों को मुआवजा दिया जा रहा है।
अप्रैल माह में जिले के किसानों ने अपने खेतों पर धान, बाजरा, उर्द सहित अन्य फसलें की थी। इस दौरान जिले में आई बाढ़ व बेमौसम बारिश ने किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया था। फसल कटने के बाद किसानों की उत्पादकता में भारी गिरावट देखने को मिली थी। इसके बाद प्रशासन की ओर से जिले भर में क्रॉप कटिंग कर अंतिम दावे की रिपोर्ट दिसंबर माह में बीमा कंपनी को दी गई थी। बीमा कंपनी की ओर से जांच कर ली गई थी। बीमा कंपनी के अधिकारी ने बताया कि खरीफ की फसल में सबसे ज्यादा नुकसान धान, बाजरा व ज्वार में हुआ था।
नुकसान की अंतिम रिपोर्ट बैंक को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि क्रॉप कटिंग में जिले के 4540 किसानों को मुआवजा फरवरी माह की 15 तरीख तक पहुंच जाएगा।
उपकृषि निदेशक विनोद कुमार यादव ने बताया कि किसानों के नुकसान को लेकर विभागीय रिपोर्ट बीमा कंपनी को दे दी गई थी। जल्द ही किसानों के खातों में मुआवजा पहुंच जाएगा। नोडल अधिकारी सलिल श्रीवास्तव ने बताया कि कृषि विभाग से मिली रिपोर्ट को तैयार कर बैंक को भेज दिया गया है। जिले के किसानों को फरवरी माह में मुआवजा दे दिया जाएगा।