रनियां पुलिस चौकी का निरीक्षण करतीं एसपी। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
रनियां। चौकी रनियां परिसर में बारिश का पानी भरा है, साथ ही कीचड़ भी है। रविवार को निरीक्षण करने पहुंची एसपी ने इस पर चौकी प्रभारी को फटकार लगाई। उन्होंने बंदीगृह, महिला हेल्प डेस्क आदि का निरीक्षण किया। यहां एक सप्ताह के भीतर थाना संचालन की उम्मीद है।
रनियां को थाना बनाने की मंजूरी शासन से मिली है। भूमि चिह्नित की गई है लेकिन निर्माण में समय लगेगा। इसको लेकर चौकी भवन में अस्थायी थाना संचालन की कवायद हो रही है। चौकी में महिला हेल्प डेस्क, बंदीगृह, बैरक, मालखाना, दफ्तर, शौचालय आवासीय व्यवस्था की जा रही है।
रविवार को एसपी सुनीति, एएसपी घनश्याम चौरसिया, सीओ सदर प्रभात कुमार चौकी पहुंचे। परिसर में बारिश का पानी व कीचड़ मिला। हाईवे का नाला चोक होने पर परिसर में अधिकांश समय पानी भरा होने की जानकारी मिली। इस पर एसपी ने चौकी इंचार्ज अतुल गौतम को फटकार लगाई।
इसके बाद उन्होंने बंदीगृह, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, सीसीटीएनएस रूम आदि का निरीक्षण किया। परिसर में रखे ड्रामों को हटाने के निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि रनियां चौकी इंचार्ज अतुल गौतम को अधूरे काम को जल्द कराने के निर्देश दिए है। इसी सप्ताह रनियां चौकी को अस्थायी तौर पर रनियां थाना शुरू होने की उम्मीद है।