कानपुर देहात। अकबरपुर सीएचसी में तैनात एक फिजिशियन ने मरीज को बाहर की दवा लिखी दी। इस पर मरीज ने तहसील दिवस में शिकायत की। इसके बाद जांच के लिए सीएमओ ने तीन सदस्यीय टीम गठित की है।
सिर में दर्द होने की वजह से अकबरपुर निवासी शिवम आठ सितंबर को अकबरपुर सीएचसी पहुंचे थे। वहां फिजिशियन डॉ. आनंद गुप्ता ने उन्हें आठ दवाएं लिखीं। इसमें से चार तो अस्पताल से मिलीं पर चार सीएचसी के बाहर बने मेडिकल स्टोर से 670 रुपये में मिली।
इसके बाद नौ सितंबर को मां को बुखार आने पर शिवम फिर से अस्पताल पहुंचे तो डॉ. आनंद गुप्ता ने चार दवाएं बाहर की लिखीं। यह मेडिकल स्टोर से 780 रुपये की मिलीं। इस पर 13 सितंबर को शिवम ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत की।
मामले की जानकारी पर सीएमओ डॉ. एके सिंह ने जांच के लिए डिप्टी सीएमओ डाॅ. डीके सिंह, क्षय रोग अधिकारी डॉ. जीएस चौहान और औषधि निरीक्षक अजय कुमार संतोषी की कमेटी गठित कर दी। सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है।