अनिल तिवारी का फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
रसूलाबाद। विषधन रोड पर रविवार को मार्निंग वॉक से घर लौटते समय एक अनियंत्रित डंपर ने होम्योपैथी चिकित्सक, व्यापारी व एक अन्य को टक्कर मार दी। सूचना पर पुलिस ने तीनों को सीएचसी रसूलाबाद पहुंचाया।
जहां से डॉक्टर और व्यापारी को गंभीर हालत में कानपुर नगर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान डॉक्टर ने दम तोड़ दिया, जबकि व्यापारी का हैलट व तीसरे घायल का सीएचसी में इलाज चल रहा।
रहीम नगर निवासी होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. अनिल तिवारी (58), कपड़ा व्यापारी इम्तियाज उर्फ गुड्डू (45), आजाद नगर निवासी मुबीन (45) के साथ हर रोज मार्निंग वॉक पर विषधन रोड होते हुए बंबी तक जाते थे।
रविवार की सुबह तीनों लोग मार्निंग वॉक करने के बाद वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान विषधन रोड पर एक अनियंत्रित डंपर ने तीनों को टक्कर मार दी। इससे सभी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया।
वहां से डॉ. अनिल और इम्तियाज को कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान डॉ. अनिल तिवारी की मौत हो गई। इम्तियाज का हैलट और मुबीन का उपचार सीएचसी में चल रहा है।
डॉक्टर की मौत की सूचना पर पुत्र विनीत तिवारी व पुत्र वधू रेनू तिवारी समेत अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। विनित ने बताया कि पिता की वर्तमान समय में खेड़ाकुर्सी के आयुष चिकित्सालय में तैनाती थी।
थाना प्रभारी प्रशिक्षु सीओ शिव ठाकुर ने बताया कि हादसा करने वाले डंपर चालक को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।