कानपुर देहात। आपकी वजह से इस बार मेडिकल कॉलेज का सेशन गया। अब जल्द से जल्द काम पूरा कर लें। यह बातें डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने गुरुवार को कॉलेज का निर्माण कर रही संस्था के अभियंता से कहा। उन्होंने प्राचार्य डॉ. सज्जनलाल वर्मा से कहा कि आप यहीं रुक कर काम को तेजी आगे बढ़वाएं।
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक गुरुवार को सिकंदरा होते हुए हाईवे से अकबरपुर स्थित कुंभी में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में 5: 28 बजे पहुंचे। वहां उन्होंने कॉलेज का नक्शा देखकर कार्यदायी संस्था के अभियंता से आने-जाने का रास्ता सहित अन्य जानकारी लीं।
इसके बाद वह पहली मंजिल पर गए और निरीक्षण किया। यहां से वह 5:35 बजे अकबरपुर के लिए रवाना हो गए। रास्ते में कान्हा गोशाला में उन्होंने गायों को केला खिलाया। वहां से अकबरपुर कस्बे की अयोध्या नगर बस्ती गए और लोगों की समस्या सुनने के बाद जिला अस्पताल पहुंचे।
डिप्टी सीएम ने जनरल वार्ड का निरीक्षण कर वार्ड में भर्ती अकबरपुर निवासी आशीष, डिबियापुर मूसानगर अमर सिंह, पुखरायां निवासी सुषमा, रसूलपुर गजनेर निवासी सगुना, घाटमपुर निवासी अंजनी और रूरा निवासी रचना, रूबी, राधा का हालचाल जाना है। इमरजेंसी कक्ष में रखे रजिस्टर में दर्ज मरीजों का ब्योरा देखा। उनके साथ राज्यमंत्री अजीत पाल, प्रतिभा शुक्ला, एमएलसी अविनाश सिंह चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।