कानपुर देहात। अकबरपुर में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा कि देश का कोई नेता विदेश में जाकर बुराई नहीं करता। केवल कांग्रेसी नेता विदेश में जाकर देश को बदनाम करते हैं।
उन्होंने अमेरिका के कैलिफोर्निया में प्रतिष्ठित स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में भारतीय छात्रों से हुए संबोधन पर कहा कि राहुल गांधी ने एक बंद कमरे में गिनती के व्यक्तियों के बीच मंतव्य दिया है। राहुल ने वहां छात्रों से कहा कि संसद सदस्यता छीन ली गई और जेल भेज दिया गया।
जबकि यह सही नहीं है। कोर्ट स्वतंत्र है। कोर्ट के फैसले के अनुसार पहले से तय नियमों से सदस्यता गई। कोर्ट के फैसले पर उंगली उठाना कानून व्यवस्था पर उंगली उठाना है। जोड़ा कि कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद भी एक बार पाकिस्तान यात्रा पर गए थे तो देश की बुराई की थी।
महिला पहलवानों के प्रदर्शन व आरोपी सांसद की गिरफ्तारी न होने के सवाल पर कहा कि एफआईआर दर्ज है। जांच के अनुसार पुलिस अपना काम करेगी। कर्नाटक में अन्य दल की सरकार बनने के सवाल पर कहा कि वहां वादों पर सरकार बनी।
अब बजट नहीं होने से वहां योजनाओं का बुरा हाल है। पंजाब और राजस्थान में चल रही मुफ्त की योजनाएं से भाजपा सरकार की मुफ्त राशन की योजना अलग किस तरह से है इस सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ऋण लेकर मुफ्त राशन नहीं बांट रही है।
बिजली मुफ्त देने की योजना है इसपर उन्होंने कहा कि नहीं। बिजली मुफ्त नहीं है। बिजली बनाने में कोयला प्रयोग होता है। इसके लिए भुगतान करना पड़ता है। कहा कि कोई राज्य सरकार यदि इस तरह की योजना चलाती है तो उपयोग की गई बिजली का भुगतान राज्य सरकार करती है।