कानपुर देहात। ग्राम पंचायत स्तर पर शासन की विकास परक योजनाओं का जायजा लेने और विकास कार्यों की समीक्षा करने शनिवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य जनपद आएंगे। वह दोपहर 2:30 बजे राजपुर ब्लॉक के रमऊ गांव पहुंचेंगे।
वहां बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के लिए राहत की घोषणा भी कर सकते हैं। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत बनाई गई पानी की टंकी समेत लगभग 50 लाख की परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।
डिप्टी सीएम के कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को दिन भर पुलिस व प्रशासनिक अफसर तैयारियों में जुटे रहे। उनके ओएसडी आईएएस अधिकारी विनीत वर्मा ने जिला स्तरीय अफसरों के साथ कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया।
सिकंदरा एसडीएम डॉ. पूनम गौतम ने बताया कि शनिवार को रमऊ गांव में डिप्टी सीएम विकास कार्यों का जायजा लेने आ रहे हैं। वह अमृत सरोवर, मनरेगा पार्क, देहाती मार्ट के अलावा जल जीवन मिशन के तहत बनाई गई पानी की टंकी समेत लगभग 50 लाख की परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।
गांव में 30 मिनट तक रुकने के बाद दोपहर तीन बजे भाजपा जिला कार्यालय जाएंगे। वहां यहां दोपहर 3:30 बजे पार्टी नेताओं, जन प्रतिनिधियों कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे।
शाम 4:30 बजे पार्टी कार्यालय से चलकर 4:40 बजे कलक्ट्रेट सभागार में प्रशासनिक अफसरों के साथ बैठक और फिर प्रेस वार्ता करेंगे। शाम 5:50 बजे स्टाफ कार से लखनऊ रवाना होंगे। डिप्टी सीएम के ओएसडी के साथ एएसपी घनश्याम चौरसिया, एडीएम जेपी गुप्ता, सीओ शिवा ठाकुर मौजूद रहे।