डेरापुर। कस्बे के कृष्णानगर वार्ड से लापता गल्ला व्यापारी के बेटे का शव शुक्रवार की सुबह उसके गांव सरगांव खुर्द के बाहर लगे नीम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। परिजनों के अनुसार युवक पेट दर्द की समस्या से परेशान चल रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सरगांव खुर्द निवासी इंद्रपाल राठौर कृष्णा नगर वार्ड में रहकर गल्ले का व्यापार करते हैं। उनका बेटा अमित (18) उनका हाथ बंटाता था। इंद्रपाल ने बताया कि गुरुवार की शाम करीब छह बजे अमित परिजनों को बिना कुछ बताए ही घर से कहीं चला गया था।
देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर तलाश शुरू की। वहीं, शुक्रवार की सुबह कुछ लोगों ने अमित का शव गांव से कुछ दूरी पर लगे पेड़ पर दुपट्टे के सहारे लटका होने की जानकारी दी।
परिजन मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को फंदे से नीचे उतारा। इंद्रपाल की सूचना पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। थाना प्रभारी आदेश चंद्र ने बताया कि परिजनों ने पेट दर्द से अमित के परेशान होने की बात बताई है, लेकिन उसके खुदकुशी की वजह नहीं बता सके हैं। मामले की जांच की जा रही है।
बड़े बेटे की भी संदिग्ध हालात में हुई थी मौत
अमित का शव फंदे से लटका होने की खबर पाते ही मां कुषमा देवी, बहन पिंकी देवी, प्रीती समेत परिवार के सभी लोग बिलख पड़े। आसपास के लोगों ने दुखी परिजनों को ढांढस बंधाया। कुसमा देवी ने बताया कि करीब दस वर्ष पहले उनके बड़े बेटे अजीत कुमार की भी संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। उसका भी शव गांव के बाहर खेत की मेड़ पर मिला था। अब छोटे बेटे अमित की मौत ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया है।