रसूलाबाद। किशनपुर गांव के बाहर पेड़ पर ट्रैक्टर चालक का शव फंदे से लटकता मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल की जांच की व फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।
किशनपुर गांव निवासी भैया लाल का अविवाहित बेटा राजवीर (24) ट्रैक्टर चालक था। मंगलवार रात माता-पिता से शराब पीने को लेकर राजवीर की कुछ बहस हो गई। इसके बाद वह घर से बाहर निकल गया।
परिजनों ने सोचा कि गुस्सा शांत होने पर राजवीर घर लौट आएगा। वहीं, गुरुवार की सुबह ग्रामीणों ने राजवीर का शव गांव के बाहर लगे आम के पेड़ पर प्लास्टिक की बोरी से बनाई गई रस्सी के फंदे से लटका देखा।
इसकी सूचना पाकर भैया लाल मौके पर पहुंचे और बेटे की मौत की खबर पुलिस को दी। चौकी प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। राजवीर की मौत से मां बिट्टी, पिता भैयालाल व भाई गुड्डू का रोकर बुरा हाल रहा। थाना प्रभारी अंजनी कुमार मिश्र ने बताया की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।