शिवली। क्षेत्र से होकर निकली पांडु नदी पर पहला चेक डैम रपटा बनाया जाएगा। इससे एक दर्जन गांवों के लोगों को निकलने का रास्ता मिल जाएगा। लोग सुगमता से आवागमन कर सकेंगे। वहीं, किसानों को सिंचाई के लिए पानी भी उपलब्ध रहेगा। जमीन में वाटर रिचार्ज होने से आसपास के गांवों में भूगर्भ में पानी की कमी को भी पूरा किया जाएगा।
जिले से होकर निकली पांडु नदी पर क्षेत्र के तकीपुर गांव के सामने चेक डैम रपटा का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए टेंडर हो गए हैं। 84 लाख रुपये की लागत से बनने वाला चेक डैम सवा दो मीटर ऊंचा होगा। जबकि रपटा का रास्ता पांच मीटर चौड़ा बनेगा। चेकडैम रपटा फरवरी तक बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बनने से कानपुर नगर और देहात के एक दर्जन गांव के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
लघु सिंचाई विभाग कानपुर नगर के अवर अभियंता चंद्रिका प्रसाद ने बताया कि तकीपुर गांव के पास चेकडैम बन जाने से किसानों को नदी में हर समय सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध रहेगा। वहीं. धरती में वाटर रिचार्ज भी होता रहेगा। इससे आसपास गांवों में पानी की समस्या से भी निजात मिल जाएगी।
दूसरी तरफ चेक डैम के ऊपर रपटा बन जाने से शिवली, तकीपुर, सखरेज, सकरवां, बाचीपुर, गौरननिवादा, काशीरामनिवादा, देवकली, जिंदपुर, कंठीपुर सहित गांवों के लोगों को आने-जाने में कई किलोमीटर का चक्कर भी बचेगा।
पांच जगह और बनेगा चेकडैम
पांडु नदी पर पांच जगह और चेक डैम बनाए जाएंगे। पकरा, सकरवां, बाचीपुर, टिकरा, भौतीखेड़ा में भी चेक डैम बनाए जाएंगे। चंद्रिका प्रसाद, अवर अभियंता