भाजपा नेता को पीटने में दरोगा निलंबित
- शुक्रवार को हुई घटना पर एसपी ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
कानपुर देहात। भाजपा राजपुर मंडल के अध्यक्ष देवेंद्र राजपूत को पीटने के आरोप में घिरे धर्मेंद्र यादव को निलंबित कर दिया गया है। एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि दरोगा का निलंबित करने के साथ-साथ पूरे मामले की जांच एएसपी अनूप कुमार को सौंपी है।
अमराहट क्षेत्र के मटौली गांव निवासी देवेंद्र राजपूत होमियोपैथी के चिकित्सक हैं। देवेंद्र की पत्नी संध्या के मुताबिक पति शुक्रवार को राज्यमंत्री अजीत पाल के कार्यक्रम से घर लौटे, फिर दूध लेने के लिए निकले थे। उस वक्त मटौली में हाईवे के ओवरब्रिज के नीचे गरुण वाहिनी में तैनात दरोगा धर्मेंद्र यादव दो सिपाहियों के साथ वाहन चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान अभद्रता करने पर एक परिचित ने पति से मदद मांगी। पति ने पुलिस के खराब व्यवहार पर आपत्ति की तो जनप्रतिनिधियों व नेताओं को अपशब्द बोलते हुए दरोगा ने पति को पीटना शुरू कर दिया। पीटते-पीटते सड़क पर गिरा दिया। उन्हें बचाने आए सब्जी विक्रेता सुरेश और मोहल्ले के दीपू पाल को भी पीटा। ज्यादा भीड़ जुटने लगी तो दरोगा ने पिस्टल से फायर किए। भीड़ पीछे हटी तो उनके पति के साथ-साथ दीपू और सुरेश को दरोगा अमराहट थाने ले गए। थाने में भी तीनों को पीटा गया।
इस सूचना पर राज्यमंत्री अजीत पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल देव अग्निहोत्री, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष परवेज कटियार समेत तमाम भाजपाई थाने पहुंचे। मंडल अध्यक्ष देवेंद्र को सीएचसी ले गए, जहां से जिला अस्पताल माती रेफर कर दिया गया। बाद में उन्हें जिला अस्पताल से हैलट रेफर कर दिया गया। वह हैलट में उनका उपचार चल रहा है। इस घटना से भाजपाइयों में नाराजगी है।
----