रसूलाबाद पुलिस की गिरफ्त में अवैध शराब का आरोपी
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ मंगलवार को भी जिले में अभियान चलाया गया। पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने रसूलाबाद के जिंदा निवादा गांव से एक युवक को गिरफ्तार कर नकली शराब, बोलेरो, बाइक व खाली शीशी, रैपर बरामद किए हैं। शिवली में 15 लीटर कच्ची शराब के साथ महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस व आबकारी टीम ने जिंदा निवादा निवासी अनिल पाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने बोलेरो व बाइक से शराब की खेप गांवों में पहुंचाने की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर गांव से ही बोलेरो, बाइक व 384 क्वार्टर बिना रैपर की देशी शराब, 34 क्वार्टर मिलावटी अंग्रेजी शराब, आठ हॉफ बोतल अंग्रेजी शराब, देशी शराब की 220 खाली शीशी व 4065 ढक्कन, 1580 माधुरी ब्रांड स्टीकर, क्यूआर कोड रैपर, सवा किलोग्राम यूरिया खाद बरामद किया है। पूछताछ में उसने मिलावटी शराब तैयार करके गांवों में बिक्री की जानकारी दी है। पुलिस ने उसके बताए ठिकानों में छापे मारकर अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है।
शिवली कोतवाली क्षेत्र के बैरी, नहरीबरी, भाऊपुर, केशरीनिवादा, मैथा, बाघपुर में अवैध व कच्ची शराब बिक्री की सूचना पर एसडीएम रामशिरोमणि, कोतवाल वीरपाल तोमर, आबकारी निरीक्षक गिरिराज सिंह ने छापा मारा। कोतवाल ने बताया कि केशरीनिवादा गांव से सेमवती को दस लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है। 50 लीटर लहन नष्ट करा दिया गया है। भाऊपुर चौकी इंचार्ज लक्ष्मण सिंह ने गजरारामपुर गांव के भूरा को पांच लीटर कच्ची शराब के साथ पकड़ा है। एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि पकड़े गए लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। इनसे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।