कानपुर देहात। गजनेर थाना क्षेत्र के कुरवा खुर्द गांव में शिवरात्रि के कार्यक्रम में फायरिंग हो गई। पुलिस ने वकील का रिवाल्वर सीज कर लाइसेंसी हथियार के दुरुपयोग की रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं, अधिवक्ता का आरोप है कि बिना अनुमति हो रहे कार्यक्रम में अश्लील डांस के विरोध पर सिपाही उनका रिवाल्वर छीन ले गए। एसपी अनुराग वत्स ने कहा कि अधिवक्ता ने रिवाल्वर से फायरिंग कर दी थी। रिवाल्वर सीज करके रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शुक्रवार की रात कुरवा खुर्द गांव स्थित पातालेश्वर मंदिर परिसर में शिवरात्रि पर कार्यक्रम था। गांव निवासी अधिवक्ता गिरजाकांत त्रिपाठी ने डीएम से शिकायत की है। उनका कहना है कि शुक्रवार रात एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर पहुंचे। उन्होंने देखा के घर के दरवाजे स्थित मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में रात 10 बजे अश्लील डांस चल रहा है।
तेज आवाज में लाउडस्पीकर से गाने बजाए जा रहे थे। अधिवक्ता ने पिता की तबियत ठीक न होने व परीक्षार्थियों को दिक्कत होने गकी बात कहते हुए कार्यक्रम पर आपत्ति जताई। आवाज कम करने के लिए कहा। इस पर वहां मौजूद बिरसिंहपुर चौकी के दो सिपाही भड़क गए। सिपाही उनका लाइसेंसी रिवाल्वर छीन कर ले गए। फर्जी मुकदमें में फंसाने की धमकी दी गई। इसके बाद कार्यक्रम बंद हो गया। एसडीएम आनंद कुमार सिंह ने बताया कि कुरवाखुर्द में किसी भी तरह के आयोजन की अनुमति नहीं दी गई थी।