पुलिस की हिरासत में मुठभेड़ में पकड़ा गया उस्मान अली।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जिले के टॉप-15 अपराधियों की सूची में शामिल हिस्ट्रीशीटर उस्मान अली को अकबरपुर थाना और स्वॉट टीम ने मुठभेड़ में दबोच लिया। उसके पास तमंचा, कारतूस और लूट के 1200 रुपये बरामद हुए हैं। उस्मान पर हत्या, लूट, अपहरण, गैंगस्टर समेत अन्य धाराओं के 14 मामले जिले के विभिन्न थानों में दर्ज हैं। अकबरपुर पुलिस ने रविवार दोपहर बाद आरोपी उस्मान अली को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
अकबरपुर थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह और स्वॉट टीम प्रभारी दरोगा प्रभात कुमार प्रभारी टीम के साथ शनिवार की देररात इलाके में गश्त कर रहे थे। रात करीब पौने तीन बजे अकबरपुर स्थित आईटीआई के पास संगसियापुर अकबरपुर निवासी शातिर बदमाश उस्मान अली पुलिस टीम को नजर आ गया। थाना प्रभारी ने उसे पूछताछ के लिए बुलाया, तो उस्मान ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग कर उसे दबोच लिया। थाना प्रभारी के मुताबिक तलाशी में उस्मान के पास 315 बोर का तमंचा और छह कारतूस मिले हैं। इसमें एक खोखा है। साथ ही लूट के 1200 रुपये भी मिले हैं। थाना प्रभारी के मुताबिक पुलिस के दबाव के चलते उस्मान ने जिला छोड़ दिया था। इस वक्त वह नौबस्ता के मछरिया इलाके में रह रहा है। शनिवार को वह अपने घर जा रहा था, तभी पुलिस के हाथ लग गया।
थाना प्रभारी के मुताबिक उस्मान ने साथी कानपुर नगर के बांस मंडी निवासी नफीस, इफ्खाराबाद चमनगंज के राजा, मछरिया नौबस्ता के सलीम के साथ मिलकर 26 सितंबर को हाईवे पर गौरियापुर गांव में सीकर राजस्थान निवासी ट्रेलर चालक सत्यवीर सिंह से 8000 हजार रुपये और एलईडी लूटी थी। मामले में चालक ने अकबरपुर थाने में लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उस्मान लुटेरों के गैंग का सरगना है।